आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी संघस्थ मुनि श्री योग्य सागर जी को, शराब में धुत बाइक वाले ने सड़क हादसे में किया घायल, हाथ, पैर पीठ में चोट

0
587

27 दिसंबर 2022/ पौष शुक्ल पंचमी/चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी /
मिली जानकारी के अनुसार विशुद्ध सागर महाराज के साथ संघ में आए मुनि योग्य सागर महाराज सोमवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गए। वे मुलताई से बैतूल की ओर विहार करते हुए जा रहे थे। तभी नशे में धुत एक बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना में वे बुरी तरह से घायल हो गए हैं, घायल होने के बाद उन्होंने अस्पताल जाने से मना कर दिया है।

इसके बाद उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से बैतूल की ओर ले जाया जा रहा है। वे अब संघ के साथ बैतूल की ओर जा रहे हैं। जैन समाज के निखिल जैन ने बताया कि सपना के पास एक डिस्कवर चालक ने शराब के नशे में महाराज योग्य सागर जी को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें हाथों एवं पैर सहित पीठ में चोटें आई है। निखिल ने बताया कि डिस्कवर चालक बहुत ही तेज गति में था और बहुत ज्यादा शराब के नशे में था। एक्सीडेंट की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई डिस्कवर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

दुर्घटना के बाद सभी संत सुहागपुर में रात्रि विश्राम कर रहे हैं। मुलताई से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अंकुश भार्गव ने मौके पर पहुंचकर घायल संत श्री योग्य सागर जी महाराज का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उनके सिर पर चोट आई थी, जिसके कारण उनके सिर पर खून का थक्का जम गया है। दुर्घटना के बाद उन्हें दो-तीन उल्टी हुई थी। हालांकि संत योग्य सागर जी महाराज ने अस्पताल जाने से और इलाज कराने से मना कर दिया है, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।