‘समय सार’ का डिजिटल वर्जन- स्टील बॉडी के सेंसर पेन के साथ-जिस श्लोक पर सेंसर पेन रखेंगे, श्लोक का भावार्थ और प्रवचन सुनाई देगे

0
910

दिगंबर जैन समाज का सबसे प्रमुख ग्रंथ ‘समय सार’ है। समाज के एक ट्रस्ट ने इस ग्रंथ का डिजिटल वर्जन तैयार किया है। पुस्तक के साथ सेंसर पेन भी बनाया है। इस पुस्तक के जिस श्लोक पर सेंसर पेन रखेंगे, सेंसर पेन से ऑडियो में श्लोक उसका भावार्थ और एक घंटे के प्रवचन सुनाई देने लगेंगे। इस पेन को ब्लू टूथ से स्मार्ट टीवी या होम थिएटर स्पीकर से भी जोड़ सकते हैं। ग्रंथ को तैयार करने वाले ट्रस्ट गर्जती ज्ञायक आध्यात्मिक ट्रस्ट मुंबई का दावा है कि यह देश का पहला धार्मिक ग्रंथ है जिसमें यह तकनीकी उपयोग की गई है।

‘समय सार’ ग्रंथ की रचना करीब 2000 साल पहले कुंद-कुंद स्वामी ने की थी। इसके बाद 100 साल पहले इसकी खोज कानजी स्वामीजी ने की। ट्रस्ट के हितेश भाई चौवटिया बताते हैं- ‘समय सार’ के दोबारा प्रकट होने का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रस्ट ने अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकी आधारित ग्रंथ तैयार किया है। 500 पृष्ठ के इस डिजिटल ग्रंथ का लोकार्पण जनवरी 2022 में होने की संभावना है।

यूएसए से मंगवाया कागज

इस ग्रंथ के लिए यूएसए से कागज और इंक मंगवाई गई। यह आम कागज से 50 फीसदी महंगे हैं। कागज में डिजिटल कोडिंग की गई है। छपाई के बाद इसका लेमिनेशन किया है। कोडिंग छपाई को सेंसर पेन पढ़ता है। सेंसर पेन स्टील बॉडी का है और नार्मल मोबाइल चार्जर से चार्ज हो जाता है।