24 सौधर्म इंद्र, 24 कुबेर, 24 महायज्ञ नायक, 24 भगवान के माता-पिता और 25 विधि नायक रथ पर सवार होकर चले, घटयात्रा में 51 बग्गी और 21 रथ

0
2236

कुण्डलपुर महामहोत्सव का घटयात्रा से आगाज
मंगलवार, 15 फरवरी, 2022 सिद्ध तीर्थ क्षेत्र कुण्डलपुर में सोमवार से घटयात्रा के साथ महा महाेत्सव का आगाज हाे गया। देश के इतिहास में ऐसा पहला पंचकल्याणक होने जा रहा है, जिसमें हर पात्र सभी पात्र एक-एक होते हैं लेकिन कुण्डलपुर के इस महा महोत्सव में हर पात्र 24-24 तय किए गए हैं। पहले दिन (14 फरवरी) घटयात्रा में दोपहर एक बजे जहां हजारों की संख्या में पीले परिधान में महिलाएं हाथ में कलश और श्रीफल लेकर शामिल होने पहुंचीं तो पंचकल्याणक के पात्र 24 सौधर्म इंद्र, 24 कुबेर, 24 महायज्ञ नायक, 24 भगवान के माता-पिता और 25 विधि नायक रथ पर सवार होकर चले। विधि नायक हाथ में प्रतिमा विराजमान करके चले। इस बीच कुण्डलपुर के मुख्य गेट से कार्यस्थल स्थल के पंडाल तक मनमोहक नजारा देखने को मिला।

जैसे ही ढाई बजे आचार्यश्री विद्यासागर महाराज ढाई सौ मुनिश्री और आर्यिकाओं के ससंघ सहित पहुंचे तो जयकारे से पंडाल गूंज उठा। वेदी स्थल मुख्य पंडाल में महोत्सव का मंगलाचरण ध्वजारोहण किया। घटयात्रा में 51 बग्गी और 21 रथ शामिल हुए। मंदिर से महोत्सव स्थल पर श्रीजी पहुंचाए गए। यहां मंदिरों में विराजमान होने वाली प्रतिमाओं को प्रतिष्ठा के लिए गाजे-बाजे के साथ ले जाया गया। घटयात्रा में नगर के सभी पाठशालाओं के बच्चे शामिल हुए। गाजे-बाजों के साथ प्रतिमाओं की पंडाल में भव्य स्थापना की गई। घटयात्रा के कलशों से भूमिशुद्धि प्रतिष्ठाचार्य ने कराई। इस बीच आचार्यश्री ने प्रवचन दिए।

पंचकल्याण्क का मुख्य कार्यक्रम 16 फरवरी से प्रारंभ होगा
ब्रह्मचारी सुनील भैया ने बताया कि कुण्डलपुर महामहोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के गर्भ कल्याणक पूर्व रूप से 16 फरवरी से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को गर्भ कल्याणक उत्तर रूप, 18 फरवरी काे जन्म कल्याणक, 19 फरवरी को तप कल्याणक पूर्व रूप, 20 फरवरी को तप कल्याणक उत्तर रूप, 21 फरवरी को ज्ञान कल्याणक पूर्व रूप, 22 फरवरी को ज्ञान कल्याणक उत्तर रूप, 23 फरवरी को मोक्ष कल्याणक के साथ गजरथ फेरी का कार्यक्रम होगा। 24 फरवरी से भगवान अदिनाथ बड़े बाबा का मस्तकाभिषेक प्रारंभ होगा जो फाल्गुन माह की अष्टान्हिका पर्व तक प्रतिदिन चलेगा।

आवास : 100 किमी से आने वालों के लिए नहीं मिलेगा, करना होगा अपडाउन
कुण्डलपुर महा महोत्सव में शामिल होने के लिए हर दिन भारी संख्या में जैन समाज के लोग कुण्डलपुर पहुंच रहे हैं। ऐसे में आयोजन समिति ने तय कर दिया है कि बाहर से आने वाले अतिथियों के लिए आवास सुविधा पहले दी जाएगी, जो भी परिवार या अतिथि कुण्डलपुर क्षेत्र से 100 किमी की परिधि में निवास करते हैं, उनके लिए आवास व्यवस्था नहीं मिलेगी। वे प्रतिदिन अपडाउन करेंगे। आवास व्यवस्था के प्रभारी अश्विनी जैन ने बताया कि वर्तमान में पंचकल्याणक के पात्रों के लिए आवास व्यवस्था की गई है। इसमें दमोह शहर के पात्र भी अपडाउन कर रहे हैं। फिलहाल 18 सौ कॉटेज तैयार हो गए है, जो आवंटित की जा रही हैं, 18 सौ कॉटेज मंगलवार तक मिलने वाले हैं लेकिन पहली प्राथमिकता में बाहर से आने वाले अतिथियों को ही आवास दिया जाएगा।

बिजली : मुख्य लाइन से कनेक्शन, 24 घंटे आपूर्ति होगी
कुण्डलपुर महा महोत्सव के लिए आयोजन समिति ने 980 किलोवॉट बिजली का अस्थाई कनेक्शन लिया है। आपूर्ति के लिए 11 केवी कुण्डलपुर और पटेरा 11 केवी सब स्टेशन से सप्लाई जोड़ी गई है। यह लाइन राजाबंदी में स्थित 132 केवी फीडर लाइन से जुड़ी है। इस बीच किसी भी तरह से सप्लाई प्रभावित नहीं होगी। क्योंकि मुख्य लाइन से सीधा कनेक्शन दिया गया है। यहां पर 24 घंटे निरंतर बिजली की सप्लाई हो, इसके लिए अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। तकरीबन 38 लाख रुपए की राशि बिजली वितरण कंपनी के खाते में जमा कराई गई है। यह बिजली का कनेक्शन करीब एक माह तक अस्थाई रूप से चलेगा।

पानी : 30 टैंकर, 35 टॉयलेट वाहन खड़े किए
कुण्डलपुर में भीड़ को देखते हुए पानी की सप्लाई के लिए आसपास से करीब 30 पानी के टैंकर मुहैया कराए गए हैं। इसके अलावा 35 से ज्यादा अस्थाई टॉयलेट वाहन कुण्डलपुर पहुंचे हैं। यह वाहन सागर संभाग की सभी परिषदों से एकत्रित करके पहुंचाए गए हैं, ताकि महा महोत्सव के बीच किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हेलीपेड : तीन अस्थाई बनेआदेश मिला तो कच्चे भी बनेंगे

वीआईपी लोकेशन को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पूर्व सीएम कमलनाथ 18 को कुण्डलपुर आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में तीन कच्चे हेलीपेड बनाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी ईई जेपी सोनकर ने बताया कि फिलहाल तीन कच्चे हेलीपेड बनाने कहा है, जो बनकर तैयार हो गए हैं, यदि कच्चे हेलीपेड के लिए कोई आदेश मिलेगा तो उसे भी बनवा दिया जाएगा।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवास में प्राथमिकता, कंट्रोल रूम भी बनाया गया

सुरक्षा : 500 पुलिस कर्मी और 200 सीसीटीवी कैमराें से रखेंगे निगरानी
पंकल्याणक महोत्सव में जुड़ने वाली भीड़ को देखते हुए गृह विभाग ने कुण्डलपुर में 5 सौ पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया है। इसमें गैर शस्त्र और सशस्त्र बल दोनों तरह के जवान शामिल हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर से लेकर आयोजन स्थल तक 2 सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिनके माध्यम से 24 घंटे पंडाल की निगरानी की जाएगी। आने-वाले वालों पर नजर रखी जाएगी। एसपी डीआर तेनीवार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किया गया है। वहां माइक से एेलान की व्यवस्था की गई है। अलग से एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसमें स्टाफ मौजूद रहेगा, पूरी तैयारियों का जायजा लेगा। समय-समय पर दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
#kundalpur #vidyasagar #panchkalyanak #Mahamahotsav #kundalgiri